सरायकेला-खरसावां: गम्हरिया प्रखंड में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) कार्य को लेकर प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। कैंपों में आवेदनों के निष्पादन के बाद अब बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर मतदाता सूची से संबंधित जानकारी जुटाएंगे।
गम्हरिया के प्रभारी प्रखंड विकास पदाधिकारी श्रवण कुमार झा ने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी वास्तविक और योग्य नागरिक मतदाता सूची में पंजीकरण से वंचित न रहे। साथ ही अयोग्य या बाहरी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो, इसका भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अभियान की निगरानी के लिए बीएलओ के साथ सुपरवाइजर और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम लगातार सक्रिय है। प्रशासन की ओर से पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
बीडीओ के अनुसार सरकार की निर्धारित समय-सीमा के तहत गम्हरिया क्षेत्र में मतदाता पुनरीक्षण का काम सुचारू रूप से चल रहा है। अब तक किसी बड़ी गड़बड़ी या समस्या की सूचना नहीं है। घर-घर अभियान से उन लोगों को भी सुविधा मिलेगी, जो किसी कारणवश मतदान केंद्रों पर आयोजित विशेष शिविरों में नहीं पहुंच सके।


