सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल वन क्षेत्र में बिजली विभाग और वन विभाग की कथित लापरवाही के कारण एक टस्कर हाथी की दर्दनाक मौत हो गई। नीमडीह प्रखंड की गुंडा पंचायत के डीटांड और गुंडा गांव के बीच 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से दलमा गज परियोजना के हाथी ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। वहीं, विस्थापित अधिकार मंच फाउंडेशन के अध्यक्ष राकेश रंजन ने वन विभाग और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
राकेश रंजन ने कहा कि यह महज एक दुर्घटना नहीं, बल्कि व्यवस्था की लापरवाही का परिणाम हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि समय रहते बिजली के झूलते तारों और जर्जर खंभों पर ध्यान दिया गया होता, तो हाथी की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने दोनों विभागों की जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।
हाथी को खदेड़ने के दौरान हुआ हादसा, मौके पर मौजूद थे वन अधिकारी
राकेश रंजन और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार रात चांडिल वन विभाग की ओर से हाथी को आबादी वाले क्षेत्र से बाहर निकालने के लिए एलिफेंट ड्राइव अभियान चलाया जा रहा था। इस अभियान में रामायगोड़ा की एलिफेंट ड्राइव टीम के साथ वन विभाग के रेंजर और फॉरेस्टर भी मौजूद थे। ग्रामीण भी टीम को सहयोग कर रहे थे।
इसी दौरान हाथी डीटांड और गुंडा गांव के बीच 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद राकेश रंजन ने सवाल उठाया कि जब वन विभाग के अधिकारी और हाथी को खदेड़ने वाली टीम मौके पर मौजूद थी, तो अभियान शुरू करने से पहले रास्ते की सुरक्षा की जांच क्यों नहीं की गई? क्या अधिकारियों को इस क्षेत्र में नीचे लटकते हाईटेंशन तारों की जानकारी नहीं थी? क्या बिजली विभाग से संपर्क कर बिजली आपूर्ति बंद कराने की कोशिश की गई थी? उन्होंने इन सभी बिंदुओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
गांव नहीं, फिर भी 11 हजार वोल्ट की लाइन क्यों?
राकेश रंजन ने घटनास्थल के आसपास बिजली व्यवस्था पर भी सवाल उठाये। उनका कहना है कि डीटांड और गुंडा गांव के बीच जिस स्थान पर हाथी की मौत हुई, वहां आबादी नहीं है। इसके बावजूद इस क्षेत्र से 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। उन्होंने इस लाइन की आवश्यकता और वैकल्पिक बिजली आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करने की मांग की।
उन्होंने सुझाव दिया कि चांडिल ग्रिड से डीटांड तक बिजली आपूर्ति की व्यवस्था की जाए। उनके अनुसार, रसुनिया तक चांडिल ग्रिड से बिजली पहुंच रही है और आसपास के गांवों को भी इसी व्यवस्था से जोड़ा जा सकता है। वहीं, आदरडीह ग्रिड से गुंडा गांव तक बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकती है।
राकेश रंजन का आरोप है कि घटनास्थल के आसपास कई बिजली के खंभे पुराने और जर्जर हैं। कई स्थानों पर तार नीचे झूल रहे हैं और कुछ जगहों पर उनकी ऊंचाई जमीन से महज 10 से 12 फीट बताई जा रही है। ऐसी स्थिति में हाथियों के साथ-साथ किसानों और ग्रामीणों की जान पर भी खतरा बना हुआ है।
दलमा में हाथियों के संरक्षण पर उठाये सवाल
टस्कर हाथी की मौत के बाद दलमा गज परियोजना में वन्यजीव संरक्षण की व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। राकेश रंजन ने कहा कि दलमा जैसे महत्वपूर्ण वन्यजीव क्षेत्र में हाथियों के संरक्षण और प्रबंधन पर सरकार की ओर से बड़ी राशि खर्च की जाती है। इसके बावजूद हाथियों को सुरक्षित रखने में परेशानी क्यों आ रही है?
उन्होंने सवाल किया कि क्या दलमा में हाथियों के लिए पर्याप्त भोजन, पानी और सुरक्षित आवास उपलब्ध हैं? क्या उनके पारंपरिक आवागमन मार्गों और हाथी कॉरिडोर को सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त कदम उठाये जा रहे हैं?
उनका कहना है कि हाथियों को केवल एक स्थान से दूसरे स्थान पर खदेड़ना स्थायी समाधान नहीं है। उनके प्राकृतिक आवास, भोजन, पानी और सुरक्षित गलियारों को विकसित करना भी जरूरी है, ताकि मानव-हाथी संघर्ष की घटनाओं को रोका जा सके।
आज हाथी की मौत, कल किसी इंसान की भी जा सकती है जान
राकेश रंजन ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि विभाग आखिर किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार क्यों कर रहा है? आज हाईटेंशन तार की चपेट में आकर एक हाथी की जान गई है, लेकिन कल इसी लापरवाही से किसी किसान या ग्रामीण की भी मौत हो सकती है।
उन्होंने कहा कि बिजली विभाग की जिम्मेदारी केवल दुर्घटना के बाद जांच और मुआवजा देने तक सीमित नहीं होनी चाहिए। जर्जर खंभों को बदलना, ढीले तारों को दुरुस्त करना और खतरनाक स्थानों का नियमित निरीक्षण करना जरूरी है।
नौ सूत्री मांगों के साथ उच्चस्तरीय जांच की मांग
विस्थापित अधिकार मंच फाउंडेशन के अध्यक्ष राकेश रंजन ने घटना को लेकर नौ सूत्री मांगें रखी हैं।
- टस्कर हाथी की मौत की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए।
- वन विभाग और बिजली विभाग, दोनों की भूमिका की जांच हो।
- मौके पर मौजूद रेंजर और फॉरेस्टर की जिम्मेदारी तय की जाए।
- हाथी को खदेड़ने से पहले रास्ते और बिजली व्यवस्था का निरीक्षण हुआ था या नहीं, इसकी जांच हो।
- डीटांड और गुंडा के बीच 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन की आवश्यकता और वैकल्पिक व्यवस्था की समीक्षा हो।
- क्षेत्र के सभी जर्जर बिजली खंभों और नीचे लटकते तारों को तत्काल दुरुस्त किया जाए।
- हाथियों के सुरक्षित आवागमन के लिए वन विभाग और बिजली विभाग संयुक्त कार्ययोजना बनाएं।
- दलमा क्षेत्र में हाथियों के भोजन, पानी, आवास और सुरक्षित गलियारों की स्थिति की समीक्षा हो।
- जांच में लापरवाही प्रमाणित होने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
हाथी की मौत से ग्रामीणों में शोक, गणपति स्वरूप मानकर की पूजा
घटना के बाद ग्रामीणों में गहरा शोक देखा गया। स्थानीय लोगों ने हाथी को गणपति स्वरूप मानते हुए धूप-दीप दिखाकर श्रद्धा के साथ प्रणाम किया। बड़ी संख्या में महिला और पुरुष मौके पर पहुंचे और हाथी के प्रति अपनी आस्था और संवेदना प्रकट की।
वन विभाग की ओर से हाथी का पोस्टमार्टम कराने और नियमानुसार दफनाने की प्रक्रिया की जानी है। विभागीय प्रक्रिया के तहत हाथी के दोनों दांत भी निकाले जाएंगे। स्थानीय स्तर पर दोनों दांतों का कुल वजन करीब 50 से 60 किलो बताया जा रहा है।
राकेश रंजन ने कहा कि इस घटना को महज एक दुर्घटना बताकर नहीं छोड़ा जाना चाहिए। यह वन्यजीवों की सुरक्षा और सरकारी विभागों की जवाबदेही से जुड़ा गंभीर मामला है। उन्होंने मांग की कि जांच के जरिए पूरी सच्चाई सामने लाई जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाये जाएं।
