देवघर: जसीडीह थाना क्षेत्र के चरखी पहाड़ी गांव में शराब के नशे में एक दामाद द्वारा अपने ससुर पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में ससुर के बाएं सीने में चाकू लगने की बात बताई जा रही है। घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
घायल के परिजनों के अनुसार, आरोपी दामाद रामचंद्र मारिक गांव की हटिया से शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा था। घर आने के बाद किसी बात को लेकर वह अपने ससुर से उलझ गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि रामचंद्र मारिक ने चाकू निकालकर अपने ससुर पर हमला कर दिया।
परिजनों का कहना है कि आरोपी पहले भी अपने ससुर को जान से मारने की धमकी दे चुका था। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। घायल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया।
सूचना मिलने के बाद जसीडीह थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगा रही है और आरोपी के संबंध में भी छानबीन की जा रही है।

