रांची
रांची के कई इलाकों में 9 सितंबर को 8 घंटे पानी की सप्लाई बंद रहेगी. पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने आवश्यक मरम्मत कार्य के चलते यह फैसला लिया है. लोगों से अपील है कि वे पहले से पानी जमा कर लें.
Ranchi Water Supply Disruption: झारखंड राजधानी रांची के एक बड़े हिस्से में 9 सितंबर को सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक जलापूर्ति पूरी तरह ठप रहेगी. पेयजल एवं स्वच्छता स्वर्णरेखा शीर्ष कार्य प्रमंडल द्वारा रूक्का जलशोध संस्थान के पास राइजिंग पाइपलाइन में आवश्यक मरम्मत कार्य किए जाने के कारण यह शटडाउन लिया गया है. इस जरूरी मरम्मत के चलते शहर के आधे से अधिक इलाकों में लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ सकता है.
इन इलाकों में आठ घंटे प्रभावित रहेगी जलापूर्ति
जलापूर्ति बाधित रहने वाले प्रमुख क्षेत्रों में हिंदपीढ़ी, मेन रोड, ओसीसी, बरियातू हाउसिंग कॉलोनी, बरियातू रोड, रिम्स, बुटी, बीआईटी मेसरा, विकास, ईरबा, कोकर, लालपुर, चुटिया, रांची रेलवे स्टेशन, नामकुम, रातू रोड एमईएस और दीपाटोली समेत इनसे जुड़े तमाम आसपास के इलाके शामिल हैं. विभाग के अनुसार, पूर्वाह्न छह बजे से अपराह्न दो बजे तक यानी कुल आठ घंटे तक पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी.

