देवघर: पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया शुक्रवार को झारखंड के देवघर पहुंचे। यहां उन्होंने सपरिवार बाबा बैद्यनाथ मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर बाबा का आशीर्वाद लिया। राज्यपाल के देवघर आगमन पर देवघर परिसदन में उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। उनके आगमन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक तैयारियां की गई थीं।
पहली बार पहुंचे बाबा बैद्यनाथ धाम
बाबा बैद्यनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि वह सम्मेद शिखरजी पहले भी कई बार जा चुके हैं, लेकिन बाबा बैद्यनाथ धाम में दर्शन करने के लिए पहली बार देवघर आए हैं।
उन्होंने कहा कि बाबा बैद्यनाथ से उन्होंने राज्य की खुशहाली और अपने परिवार के सभी सदस्यों के सुखी एवं समृद्ध रहने की कामना की। इस दौरान उन्होंने बाबा के दरबार में अपनी आस्था प्रकट करते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।
बाबा के दरबार में की सुख-समृद्धि की कामना
द्वादश ज्योतिर्लिंगों में शामिल बाबा बैद्यनाथ धाम देशभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया का पहली बार देवघर पहुंचकर सपरिवार पूजा-अर्चना करना उनकी यात्रा का प्रमुख हिस्सा रहा।
दर्शन-पूजन के बाद राज्यपाल ने बाबा बैद्यनाथ से राज्य की खुशहाली और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

