HomeJharkhandरांची में जन समस्या समाधान बैठक: बंद चीनी फैक्ट्री में बनेगा पुलिस...

रांची में जन समस्या समाधान बैठक: बंद चीनी फैक्ट्री में बनेगा पुलिस पोस्ट, नो-एंट्री में भारी वाहनों पर होगी सख्ती

रांची, 1 सितंबर 2026:– आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनके त्वरित समाधान के उद्देश्य से रांची पुलिस की ओर से जन समस्या समाधान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी क्रम में कोतवाली थाना क्षेत्र के नागरिकों के साथ पुलिस कार्यालय में बैठक हुई, जिसमें क्षेत्र की विधि-व्यवस्था, यातायात, अतिक्रमण और असामाजिक गतिविधियों से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की गई।

बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक यातायात, अपर पुलिस अधीक्षक कोतवाली सहित कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। व्यवसायियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शांति समिति के सदस्यों, राजनीतिक प्रतिनिधियों, वार्ड पार्षदों और अन्य गणमान्य नागरिकों ने अपनी समस्याएं पुलिस के समक्ष रखीं।

बैठक में बड़ा तालाब के पास अघोरी आश्रम स्थित बंद चीनी फैक्ट्री में असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस पोस्ट स्थापित करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। यहां बीट ऑफिसर के साथ Tiger Mobile पेट्रोलिंग और चार पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी तथा 24×7 निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।

वहीं जालान रोड, भुइयाँ टोली, किशोरी सिंह यादव चौक और सेवा सदन क्षेत्र में नो-एंट्री के दौरान बड़े मालवाहक वाहनों के प्रवेश और सड़क पर पार्किंग पर सख्ती के निर्देश दिए गए हैं। नो-एंट्री के दौरान वाहन पाए जाने पर नियमानुसार चालान की कार्रवाई होगी।

इसके अलावा नागा बाबा खटाल सब्जी बाजार में सड़क पर अतिक्रमण के कारण हो रही यातायात समस्या के समाधान के लिए नगर निगम के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया।

रांची पुलिस ने ग्राउंड लेवल पुलिसिंग, नियमित पेट्रोलिंग, नशे से जुड़ी गतिविधियों पर निगरानी और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए। नागरिकों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments