HomeJharkhandMMDR संशोधन पर कांग्रेस के विरोध को आदित्य साहू ने बताया बेबुनियाद,...

MMDR संशोधन पर कांग्रेस के विरोध को आदित्य साहू ने बताया बेबुनियाद, बोले- ‘झारखंड को ATM की तरह इस्तेमाल कर रही कांग्रेस’

रांची:- MMDR संशोधन अधिनियम को लेकर झारखंड में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस के विरोध को मुद्दाविहीन राजनीति करार देते हुए कहा कि कांग्रेस जनता को गुमराह करने और असली मुद्दों से ध्यान भटकाने का काम कर रही है।

प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने झारखंड को ‘एटीएम’ की तरह इस्तेमाल किया है। उन्होंने कहा कि MMDR संशोधन अधिनियम का विरोध करने के पीछे कांग्रेस की राजनीति है और कोयले से जुड़ी कथित काली कमाई बंद होने की आशंका को लेकर यह छटपटाहट दिखाई दे रही है।

आदित्य साहू ने कहा कि पूरे देश में MMDR संशोधन अधिनियम को लेकर कांग्रेस का ऐसा विरोध देखने को नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देकर लोगों को भ्रमित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने छात्रों के आंदोलन और उनके खिलाफ दर्ज मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार को छात्रों के साथ संवेदनशीलता से पेश आना चाहिए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने झारखंड में खनिज और कोयले पर लगाए जा रहे सेस को लेकर भी राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि आयरन ओर पर 600 रुपये और कोयले पर 450 रुपये प्रति टन की दर से सेस वसूला जा रहा है। उनका सवाल था कि जब पड़ोसी राज्यों में सेस की दर कम है तो झारखंड में इतनी अधिक दर क्यों रखी गई है।

बीसीसीएल का जिक्र करते हुए आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि कंपनी में बड़े पैमाने पर चोरी हो रही है और व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया गया है। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में केंद्रीय कोयला मंत्री से मुलाकात के दौरान भी कंपनी की स्थिति पर चर्चा हुई। हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित पक्ष का पक्ष सामने आना बाकी है।

आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा की सुरक्षा के लिए चतरा, लातेहार, दुमका और गोड्डा जैसे जिलों में भी CISF की तैनाती की जरूरत है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्री से आग्रह किया गया है।

उन्होंने कांग्रेस पर आंदोलन और जन मुद्दों को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा जनता को गुमराह करने की कोशिशों का राजनीतिक स्तर पर जवाब देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पुराने कार्यकाल और उसकी नीतियों को जनता अच्छी तरह से जानती है।

प्रेसवार्ता के दौरान प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, प्रदेश प्रवक्ता संदीप वर्मा और शोभा यादव भी मौजूद रहीं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments