रांची : -JPSC 14वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में कथित धांधली की जांच कर रही CID ने परीक्षा माफिया, कोचिंग संस्थानों और बिचौलियों के गठजोड़ पर कार्रवाई तेज कर दी है। CID की विशेष टीम ने रांची और हजारीबाग में कई ठिकानों पर छापेमारी कर दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जुटाए हैं।
रांची के लालपुर स्थित शिवांगन की पाठशाला और इसके निदेशक-संचालक संजीत कुमार के रातू रोड स्थित आवास पर टीम ने दबिश दी। इसके अलावा हजारीबाग के मेघा कोचिंग सेंटर में भी दस्तावेजों की जांच की गई। जांच एजेंसी के अनुसार, इन स्थानों से अभ्यर्थियों की कथित सेटिंग और लेनदेन से जुड़े अहम सुराग मिले हैं।
कोचिंग संचालकों और बिचौलियों की भूमिका जांच के घेरे में
CID की पूछताछ में गिरफ्तार एजेंटों और कुछ चयनित अभ्यर्थियों से मिली जानकारी के आधार पर कोचिंग संस्थानों और बिचौलियों की भूमिका की जांच की जा रही है। आरोप है कि कोचिंग संस्थानों के जरिए अभ्यर्थियों से संपर्क कर कथित तौर पर परीक्षा में सेटिंग के लिए डील की जाती थी।
CID अब जब्त दस्तावेजों, अभ्यर्थियों के डेटा, बैंक लेनदेन और संबंधित संचालकों की भूमिका का सत्यापन कर रही है।
खाली OMR शीट और प्रश्नपत्र से जुड़े आरोप
जांच में परीक्षा में कथित तौर पर OMR शीट में हेराफेरी और परीक्षा के बाद प्रश्नपत्र को कोचिंग संस्थानों तक पहुंचाए जाने के आरोप भी सामने आए हैं। एजेंसी इन आरोपों की अलग-अलग स्तर पर जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि कथित तौर पर परीक्षा के बाद प्रश्नों को एक्सपर्ट से हल कराने में कौन-कौन लोग शामिल थे।
अब तक 22 गिरफ्तार, सात आरोपी फरार
मामले में CID अब तक 22 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि सात नामजद और संदिग्ध आरोपियों की तलाश जारी है। फरार आरोपियों में कोचिंग से जुड़े लोगों और कथित बिचौलियों के नाम शामिल बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
अभय तिवारी, सुषमा और अक्षय से भी पूछताछ
इधर, JSSC CGL परीक्षा में कथित गड़बड़ी के मामले में गिरफ्तार मास्टरमाइंड अभय कुमार तिवारी, उसकी पत्नी सुषमा कुमारी और भाई अक्षय तिवारी से CID की SIT ने लगातार दूसरे दिन पूछताछ की। तीनों से आमने-सामने पूछताछ कर अभ्यर्थियों से कथित लेनदेन, बिचौलियों और परीक्षा से जुड़े नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई गई।
CID ने अभय कुमार तिवारी को पांच दिन, जबकि सुषमा कुमारी और अक्षय तिवारी को तीन दिन की रिमांड पर लिया है। जांच एजेंसी का कहना है कि पूछताछ और छापेमारी के आधार पर परीक्षा में कथित धांधली से जुड़े सिंडिकेट के और नाम सामने आ सकते हैं।


