हजारीबाग, झारखंड: लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ संपन्न हो गया। हजारीबाग के प्रसिद्ध झील घाट पर सुबह से ही हजारों की संख्या में श्रद्धालु और छठव्रती जुटे। पूरे घाट पर भक्ति और आस्था का माहौल देखने को मिला।
छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार की सुबह व्रतियों ने उदय होते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और आरोग्य की कामना की। 36 घंटे के निर्जला उपवास के बाद व्रतियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान छठी मइया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से पूरा झील घाट भक्तिमय हो उठा।
सुबह की पहली किरण के साथ ही घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने लगी थी। व्रती अपने परिवार के सदस्यों के साथ सूप और दउरा में फल, ठेकुआ सहित विभिन्न पूजा सामग्रियां लेकर घाट पहुंचे। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रतियों ने पूजा संपन्न की और प्रसाद वितरण किया।
महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे। घाटों पर पुलिस बल के साथ गोताखोरों और मेडिकल टीम की तैनाती की गई थी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने और प्रसाद वितरण के साथ ही चार दिनों तक चलने वाले लोक आस्था के महापर्व छठ का समापन हो गया। श्रद्धा, विश्वास और सामाजिक एकता का संदेश देने वाले इस पर्व को लेकर हजारीबाग के लोगों में खास उत्साह देखने को मिला।
