HomeJharkhandसारठ में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास का भव्य स्वागत, हेमंत सरकार पर...

सारठ में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास का भव्य स्वागत, हेमंत सरकार पर बोला हमला; इस्तीफे की मांग

देवघर। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता रघुवर दास का देवघर दौरे के दौरान सारठ में भव्य स्वागत किया गया। पूर्व मंत्री सह भाजपा प्रदेश प्रवक्ता रंधीर सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने सारठ बजरंगबली चौक पर गगनभेदी नारों के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

जानकारी के अनुसार, देवघर आगमन के बाद पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पथरौल और गंजोबाड़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद वापस देवघर लौटने के क्रम में वे सारठ चौक पहुंचे, जहां पूर्व मंत्री रंधीर सिंह ने अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ उनका अभिनंदन किया। इस दौरान उन्हें अंगवस्त्र और गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया गया।

स्वागत कार्यक्रम के दौरान रघुवर दास ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में पिछले सात वर्षों के दौरान महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ अत्याचार एवं दुष्कर्म की हजारों घटनाएं हुई हैं। उन्होंने करीब 10 हजार महिलाओं और बच्चियों के साथ अत्याचार होने का दावा किया।

पूर्व मुख्यमंत्री ने सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया में सामने आई कथित घटना का जिक्र करते हुए कहा कि एक महिला न्याय की गुहार लेकर थाने पहुंची थी, लेकिन वहां पुलिसकर्मी पर ही दुष्कर्म का आरोप लगा। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना से पूरे देश में झारखंड की छवि शर्मसार हुई है।

रघुवर दास ने राज्य सरकार पर कानून-व्यवस्था संभालने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से तत्काल इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी के समर्थक और स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments