रांची: झारखंड में ठंड के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर राज्य के मौसम पर भी पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 19 से 22 नवंबर तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हो सकती है। वहीं, 20 नवंबर को दक्षिणी झारखंड के चार जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी रांची समेत कई जिलों में बादल छाने और तापमान में गिरावट आने के आसार हैं।
मौसम में इस बदलाव का असर खासतौर पर कोल्हान और आसपास के इलाकों में देखने को मिल सकता है। पिछले 24 घंटे में राजधानी रांची के अधिकतम तापमान में 2.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 4.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, अगले दो दिनों में तापमान में और गिरावट हो सकती है। इसके बाद तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
20 नवंबर को इन चार जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से 19 नवंबर को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, 20 नवंबर को इन जिलों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
21 नवंबर को मध्य झारखंड और उससे सटे पश्चिमी इलाकों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 22 नवंबर को भी राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने के आसार हैं।
रांची समेत कई जिलों में बढ़ेगी ठंड
बारिश और बादल छाए रहने के कारण राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदलेगा। सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ सकता है। तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच लोगों को मौसम के बदलाव के प्रति सतर्क रहने की जरूरत है।
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान का सीधा असर झारखंड में नहीं होगा, लेकिन इसके प्रभाव से राज्य में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। ऐसे में आने वाले तीन से चार दिन झारखंड के मौसम के लिहाज से अहम रहने वाले हैं।
