HomeJharkhandचाईबासा में रक्तदान करने वालों का बढ़ा सम्मान, डीसी-एसपी ने प्रशस्ति पत्र...

चाईबासा में रक्तदान करने वालों का बढ़ा सम्मान, डीसी-एसपी ने प्रशस्ति पत्र और कॉफी मग देकर किया प्रोत्साहित

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए प्रोजेक्ट जागृति के तहत विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सदर अस्पताल चाईबासा परिसर स्थित कुपोषण उपचार केंद्र में आयोजित इस शिविर के माध्यम से लोगों को रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।

रक्तदान शिविर का उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने रक्तदान करने वाले लोगों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया और उनके सामाजिक योगदान की सराहना की। मौके पर सिविल सर्जन डॉ. मीणा कालुन्डिया, अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार, अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. शिवचरण हंसदा और चिकित्सक डॉ. जगन्नाथ हेम्ब्रम भी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का माध्यम है। कई बार दुर्घटना, गंभीर बीमारी और ऑपरेशन के दौरान मरीजों को तत्काल रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदाताओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है। स्वस्थ और योग्य नागरिकों को नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।

रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों को उनके योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र और कॉफी मग देकर सम्मानित किया गया। इस सम्मान से रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया गया। रक्तदाताओं ने भी कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है और वे भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यों में अपनी भागीदारी निभाते रहेंगे।

स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है प्रोजेक्ट जागृति का उद्देश्य

प्रोजेक्ट जागृति – बेहतर स्वास्थ्य की ओर एक कदम के माध्यम से जिले में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने और आम लोगों को जनहितकारी गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। जिला प्रशासन का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करना है।

कार्यक्रम के अंत में जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की कि स्वस्थ एवं पात्र नागरिक स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आएं। रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाकर ही जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में सहयोग किया जा सकता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments