झारखंड में पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के सरकारी आवास खाली कराने का मामला लगातार राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। इस मुद्दे पर कांग्रेस और भाजपा के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। अब भारतीय जनता पार्टी ने अंबा प्रसाद के समर्थन में कांग्रेस नेताओं के पहुंचने को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अविनेश सिंह ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि सत्ता में रहते हुए कांग्रेस पार्टी केवल राजनीतिक ड्रामा कर रही है। उन्होंने कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश समेत अन्य नेताओं के अंबा प्रसाद से मुलाकात करने पर सवाल उठाए।
अविनेश सिंह ने कहा कि आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत के मामले में कांग्रेस के किसी बड़े नेता ने उनके परिजनों से मुलाकात नहीं की और न ही उनके पक्ष में कोई बड़ा बयान दिया। लेकिन जब पूर्व विधायक अंबा प्रसाद को सरकारी आवास खाली कराने का मामला सामने आया, तो कांग्रेस के कई बड़े नेता उनके समर्थन में पहुंच गए।
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस एक तरफ सत्ता का सुख भोगना चाहती है और दूसरी तरफ झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) को निशाने पर भी ले रही है। उन्होंने कहा कि अंबा प्रसाद के मामले में कांग्रेस अपनी ही सरकार को घेरती नजर आ रही है। इससे पार्टी की राजनीतिक मंशा साफ दिखाई देती है।
गौरतलब है कि धुर्वा के सेक्टर-3 स्थित अंबा प्रसाद के सरकारी आवास को लेकर विवाद जारी है। इससे पहले कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने आवास पहुंचकर अंबा प्रसाद को समर्थन दिया था। अब भाजपा के ताजा बयान के बाद यह मुद्दा एक बार फिर झारखंड की सियासत में चर्चा का विषय बन गया है।
