सरायकेला-खरसावां: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना परिसर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है। वीडियो में एक युवक थाना परिसर के अंदर वीडियोग्राफी करता नजर आ रहा है। युवक की ओर से पुलिस पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया जा रहा है। हालांकि, इस पूरे मामले में सामने आई दोनों पक्षों की शिकायत और पुलिस के पत्र ने विवाद को नया मोड़ दे दिया है। मामला 30 हजार रुपये के लेन-देन से शुरू होकर हाइवा में लदी बालू और स्टॉक यार्ड तक पहुंच गया है।
30 हजार रुपये को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे
खूंटी निवासी अस्मित राज ने शिकायत में बताया कि 19 नवंबर की रात उसका हाइवा (JH05CM0586) चांदूडीह में खड़ा था। आरोप है कि पातकुम निवासी अभिषेक कुमार आदित्यदेव ने हाइवा चालक से चाबी ले ली और 30 हजार रुपये की रंगदारी मांगी।
वहीं, अभिषेक कुमार ने 20 नवंबर को शिकायत देकर दावा किया कि उसने 3 अक्टूबर को अस्मित राज को 30 हजार रुपये उधार दिए थे। रुपये वापस मांगने पर अस्मित ने भुगतान से इनकार किया और वाहन से कुचलने की धमकी दी। अभिषेक के अनुसार, उसने हाइवा की चाबी 20 नवंबर को थाना में जमा करा दी थी।
पुलिस के पास असली चाबी, फिर कैसे खाली हुआ बालू लदा हाइवा?
मामले में सबसे बड़ा सवाल हाइवा में लदी बालू को लेकर खड़ा हुआ है। चौका पुलिस ने चांडिल के अंचलाधिकारी और जिला खनन पदाधिकारी को पत्र लिखकर चांदूडीह स्थित चंदन गुप्ता के बालू स्टॉक यार्ड की जांच कराने का अनुरोध किया है।
पुलिस के पत्र के अनुसार, स्टॉक यार्ड संचालक और अस्मित की कथित मिलीभगत से डुप्लीकेट चाबी के जरिए हाइवा को चालू कर उसमें लदी बालू खाली करा दी गई, जबकि वाहन की असली चाबी थाना में जमा थी। बाद में पुलिस हाइवा को थाना ले आई।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि दस्तावेज मांगने पर स्टॉक यार्ड संचालक ने बालू खाली कराने की बात स्वीकार करते हुए पुलिस को कार्रवाई करने की चुनौती दी।
थाना प्रभारी बोले- दुर्व्यवहार नहीं, बिना अनुमति वीडियो बनाने से रोका
वायरल वीडियो और दुर्व्यवहार के आरोपों पर चौका थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह ने अपना पक्ष रखा। उन्होंने बताया कि 19 नवंबर की रात करीब 9 बजे एक युवक थाना पहुंचा था और हाइवा की चाबी छीनने तथा 30 हजार रुपये मांगने की शिकायत दी थी।
थाना प्रभारी के मुताबिक, शिकायत पर जांच चल रही थी। इसी दौरान युवक थाना पहुंचा और कार्रवाई के बारे में पूछने लगा। आरोप है कि उसने अचानक चैंबर में प्रवेश कर बिना अनुमति वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू कर दी। उसे केवल रिकॉर्डिंग करने से मना किया गया था।
थाना प्रभारी ने दुर्व्यवहार के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि युवक को समझाया गया कि मामले की जांच चल रही है और थाना परिसर में इस तरह जबरन रिकॉर्डिंग नहीं की जा सकती। उन्होंने बताया कि पूरे घटनाक्रम को लेकर थाना में विधिवत सनहा दर्ज किया गया है।
अब जांच के घेरे में बालू और स्टॉक यार्ड
फिलहाल इस पूरे मामले में कई सवाल खड़े हैं। 30 हजार रुपये का विवाद आखिर उधार का है या रंगदारी का? जब हाइवा की असली चाबी पुलिस के पास थी, तो डुप्लीकेट चाबी से बालू कैसे खाली हुई? स्टॉक यार्ड में बालू के भंडारण से जुड़े दस्तावेज वैध हैं या नहीं?
इन सवालों का जवाब जांच के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल दोनों पक्षों के आरोपों की निष्पक्ष जांच और बालू के स्टॉक यार्ड की दस्तावेजी पड़ताल जरूरी है।
