लोहरदगा/गुमला। जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपरा, संस्कृति और इतिहास को सम्मान देने के उद्देश्य से आज 23 नवंबर को गुमला जिले के घाघरा प्रखंड में भव्य जनजातीय गौरव दिवस समारोह का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम घाघरा स्थित एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय मैदान में आयोजित होगा। समारोह में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इस भव्य आयोजन की जिम्मेदारी राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा संभाल रही हैं। समारोह को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। आयोजकों को उम्मीद है कि इसमें क्षेत्र के हजारों लोग शामिल होंगे।
जनजातीय संस्कृति और महापुरुषों के योगदान को मिलेगा सम्मान
इस समारोह का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, गौरवशाली इतिहास, परंपराओं और महापुरुषों के योगदान को याद करना तथा नई पीढ़ी को उनसे परिचित कराना है। कार्यक्रम के माध्यम से जनजातीय समाज के अधिकारों, विकास, शिक्षा, सामाजिक भागीदारी और संवैधानिक संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की जाएगी।
जनजातीय अधिकारों और विकास के मुद्दों पर होगी चर्चा
समारोह में जनजातीय समुदाय के सामाजिक और आर्थिक विकास से जुड़े विषयों को प्रमुखता दिए जाने की तैयारी है। शिक्षा, संवैधानिक अधिकार, सामाजिक भागीदारी और जनजातीय हितों के संरक्षण जैसे मुद्दों पर संवाद के जरिए समाज को जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।
डॉ. आशा लकड़ा ने साझा की आयोजन की जानकारी
कार्यक्रम को लेकर राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा ने लोहरदगा संवाददाता अमित वर्मा से विशेष बातचीत की। इस दौरान उन्होंने समारोह के उद्देश्य, आयोजन की तैयारियों और जनजातीय समाज के लिए इसकी महत्ता पर विस्तार से जानकारी साझा की।
घाघरा में आयोजित होने वाला यह समारोह जनजातीय समाज की एकजुटता, सांस्कृतिक पहचान और गौरवशाली विरासत को सामने लाने का महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
