दुमका। खनिज संपदा से समृद्ध दुमका जिले में कोल ब्लॉक के अन्वेषण और सर्वे कार्य को लेकर तनाव गहरा गया है। रविवार देर रात शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के बादलपाड़ा-कल्याणपुर इलाके में ग्रामीणों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प हो गई। घटना में एक दर्जन से अधिक पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है। इनमें कई जवानों को गंभीर चोटें आई हैं। दो पुलिसकर्मियों के सिर में गंभीर चोट लगी है, जबकि कुछ के फ्रैक्चर होने की भी जानकारी सामने आई है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
सर्वे कार्य का विरोध, कंपनी अधिकारियों को लेकर बढ़ा विवाद
जानकारी के अनुसार, कल्याणपुर-बादलपाड़ा कोल ब्लॉक क्षेत्र में अन्वेषण और सर्वे के सिलसिले में कंपनी के अधिकारी पहुंचे थे। इस दौरान ग्रामीणों ने कार्य का विरोध शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि विरोध के बीच कंपनी के अधिकारियों को बंधक बनाए जाने जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा। इसके बाद ग्रामीणों और पुलिस के बीच बातचीत के दौरान तनाव बढ़ गया और देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया।
पत्थर और डंडों से हमले का आरोप, कई जवान घायल
आरोप है कि विरोध कर रहे ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों पर पत्थर और डंडों से हमला किया। इसमें करीब 12 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों को पहले शिकारीपाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल जवानों को बेहतर इलाज के लिए दुमका रेफर किया गया।
सात पुलिसकर्मियों को दुमका किया गया रेफर
घायलों में फूल कुमार यादव, आनंद मुर्मू, चार्ल्स मुर्मू, अनिल दास, शिवजी यादव, श्याम सुंदर साह और सुनील हांसदा को बेहतर इलाज के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। कई जवानों के सिर, हाथ और पैर में चोटें आई हैं। कुछ के फ्रैक्चर होने की भी सूचना है।
घटना की जानकारी मिलने पर डीडीसी सह प्रभारी उपायुक्त अनिकेत सचान और सिविल सर्जन अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल पुलिसकर्मियों का हाल जाना और इलाज की जानकारी ली। उपायुक्त ने अस्पताल प्रबंधन को सभी घायलों का समुचित और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
13 नवंबर को जारी हुआ था ग्रामसभा का नोटिस
इस विवाद के पीछे ग्रामसभा से जुड़ा एक नोटिस भी अहम माना जा रहा है। अंचल राजस्व न्यायालय, शिकारीपाड़ा की ओर से 13 नवंबर 2026 को जारी नोटिस के अनुसार, एचपीसीएल को आवंटित कल्याणपुर-बादलपाड़ा कोल ब्लॉक क्षेत्र में अन्वेषण कार्यक्रम के तहत डीप बोरिंग कराई जानी थी। इसके लिए संबंधित मौजा के 16 आना रैयतों की उपस्थिति में ग्रामसभा आयोजित करने का निर्देश दिया गया था।
22 नवंबर को निर्धारित थी ग्रामसभा की बैठक
नोटिस के मुताबिक, ग्राम प्रधान और ग्रामसभा अध्यक्ष को संबोधित करते हुए 22 नवंबर 2026 को दोपहर 12:30 बजे ग्रामसभा की तिथि तय की गई थी। संबंधित राजस्व उपनिरीक्षक और अंचल निरीक्षक को ग्राम प्रधान के साथ समन्वय बनाकर ग्रामसभा सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी दी गई थी।
फिलहाल घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रहा है। कोल ब्लॉक के अन्वेषण कार्य को लेकर ग्रामीणों के विरोध और पुलिस के साथ हुई झड़प ने क्षेत्र में खनन परियोजनाओं तथा स्थानीय लोगों के बीच टकराव के सवाल को फिर चर्चा में ला दिया है।
