रांची: झारखंड विधानसभा के स्थापना दिवस समारोह की तैयारियां पूरी की जा रही हैं। आगामी 22 नवंबर को विधानसभा परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने बताया कि इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले राज्य के महत्वपूर्ण व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि इस बार किसी कारणवश सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन नहीं होगा। हालांकि, विधानसभा में उत्कृष्ट योगदान देने और सदन में संयमित तरीके से अपनी बात रखने वाले एक सदस्य का चयन कर उन्हें उत्कृष्ट विधायक के रूप में सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सामाजिक कार्यों और खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों के साथ-साथ देश की सेवा करते हुए शहीद हुए जवानों के परिजनों को भी सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शामिल होने की संभावना है। समारोह का आयोजन विधानसभा परिसर में किया जाएगा।
