रांची: आदिवासी नेत्री निशा भगत की संदिग्ध मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने जांच तेज कर दी है। मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए सीबीआई की टीम लगातार पूछताछ और साक्ष्य जुटाने में लगी है। इसी कड़ी में जांच एजेंसी ने पिठोरिया के तत्कालीन थाना प्रभारी सतीश पांडे से पूछताछ की है। अधिकारियों ने उनसे शुरुआती पुलिस कार्रवाई, घटनास्थल से बरामद साक्ष्य और केस डायरी से जुड़े कई अहम सवाल पूछे।
जानकारी के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से सीबीआई की टीम रांची में कैंप कर रही थी। इस दौरान दिल्ली से आई स्पेशल क्राइम ब्रांच-1 की टीम ने मामले से जुड़े अलग-अलग पहलुओं की पड़ताल की। तत्कालीन थाना प्रभारी सतीश पांडे से पूछताछ के दौरान यह जानने की कोशिश की गई कि घटना के बाद पुलिस ने क्या कार्रवाई की थी और शुरुआती जांच में किन तथ्यों को सामने लाया गया था।
अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा से भी हुई पूछताछ
इससे पहले सीबीआई की टीम मामले के नामजद आरोपी अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा से भी कई घंटे पूछताछ कर चुकी है। दोनों के ठिकानों पर छापेमारी के दौरान मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य डिजिटल उपकरणों के साथ महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
जांच एजेंसी इन डिजिटल साक्ष्यों को खंगाल रही है। इनके जरिए कॉल डिटेल रिकॉर्ड, चैट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक जानकारियों की जांच की जाएगी, ताकि घटना से पहले और बाद की परिस्थितियों को समझा जा सके।
निशा के पिता का भी बयान दर्ज
सीबीआई ने निशा भगत के पिता हांदू भगत का भी बयान दर्ज किया है। उन्होंने जांच एजेंसी को मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य और वीडियो उपलब्ध कराए हैं। वहीं, जांच एजेंसी ने इस मामले से संबंधित खबरें प्रसारित करने वाले कई यूट्यूब चैनलों को भी नोटिस जारी कर वीडियो और रॉ फुटेज मांगे हैं।
6 नवंबर को हुई थी निशा भगत की मौत
गौरतलब है कि 6 नवंबर को पिठोरिया थाना क्षेत्र स्थित अपने किराये के मकान में निशा भगत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इससे पहले उन्होंने फेसबुक लाइव के दौरान अपनी परेशानी साझा करते हुए कुछ लोगों पर प्रताड़ना के आरोप लगाए थे। इस मामले में परिजनों और विभिन्न आदिवासी संगठनों ने निष्पक्ष जांच की मांग की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सीबीआई जांच की अनुशंसा की थी। इसके बाद केंद्रीय एजेंसी ने जांच अपने हाथ में ले ली। अब सीबीआई पुलिस की शुरुआती कार्रवाई से लेकर आरोपियों के डिजिटल साक्ष्यों और गवाहों के बयानों तक हर पहलू की जांच कर रही है। आने वाले दिनों में जांच में और भी अहम खुलासे होने की संभावना है।
