धनबाद के निरसा थाना क्षेत्र में बुधवार की अहले सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। देवियाना मुख्य मार्ग स्थित NH-19 पर एक अनियंत्रित तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक सवार परिवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे उत्तम कुंभकार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, बक्सुमा निवासी उत्तम कुंभकार अपनी पत्नी और बच्ची के साथ बाइक से बक्सुमा से निरसा के बड़दंग जा रहे थे। इसी दौरान देवियाना मोड़ के पास तेज रफ्तार से आ रहे अनियंत्रित हाईवा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उत्तम कुंभकार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, बाइक पर सवार उनकी पत्नी और बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गईं।
एम्बुलेंस नहीं पहुंचने पर लोगों में नाराजगी
हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। घायल महिला और बच्ची को तत्काल एक टेंपो के जरिए निरसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। वहीं, घटनास्थल पर मृत पड़े उत्तम कुंभकार के शव को ले जाने के लिए काफी देर तक एम्बुलेंस का इंतजार किया गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि फोन करने के बावजूद समय पर एम्बुलेंस नहीं पहुंची।
आक्रोशित लोगों ने NH-19 किया जाम
घटना से नाराज लोगों ने NH-19 को दोनों ओर से जाम कर दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर पहुंची निरसा पुलिस की गश्ती टीम को भी लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोग सड़क पर अनियंत्रित तरीके से दौड़ने वाले हाईवा पर रोक लगाने और देवियाना मोड़ पर ट्रैफिक सुरक्षा की उचित व्यवस्था करने की मांग कर रहे थे। लोगों का कहना था कि मोड़ पर ट्रैफिक गार्ड नहीं होने के कारण लगातार हादसों का खतरा बना रहता है।
फिलहाल, आक्रोशित लोग सड़क जाम कर मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। हादसे के बाद इलाके में तनाव और नाराजगी का माहौल बना हुआ है।
