सरायकेला-खरसावां: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में सड़क हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के रावतरा मोड़ पर मंगलवार सुबह तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से 26 वर्षीय युवक अभिजीत गोराई की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर राष्ट्रीय राजमार्ग-18 (NH-18) जाम कर दिया। ग्रामीणों ने मृतक की गर्भवती पत्नी को सरकारी नौकरी देने, परिवार को उचित मुआवजा देने और दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। सड़क जाम के कारण एनएच-18 पर करीब 10 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई।
जानकारी के अनुसार, रावतरा निवासी अभिजीत गोराई मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे चांडिल जाने के लिए एनएच-18 के किनारे खड़ा था। इसी दौरान चांडिल से पुरुलिया की ओर जा रहा तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर विपरीत दिशा में पहुंच गया और अभिजीत को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय ग्रामीण उसे इलाज के लिए टाटा मेन अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत की खबर मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोग शव लेकर घटनास्थल पर पहुंचे और सड़क पर रखकर आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया। सुबह करीब 9 बजे शुरू हुआ जाम दोपहर 1 बजे तक जारी रहा। इस दौरान एनएच-18 के दोनों ओर करीब 10 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम हटाने को लेकर ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प की स्थिति भी बनी।
गर्भवती पत्नी को नौकरी और परिवार को मुआवजे की मांग
अभिजीत गोराई की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उसकी पत्नी गर्भवती है। पति की मौत की खबर सुनने के बाद वह बार-बार बेहोश हो रही थी। परिजनों के करुण विलाप से घटनास्थल पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी, परिवार को उचित मुआवजा और तत्काल आर्थिक सहायता देने की मांग की।
रावतरा मोड़ को दुर्घटनामुक्त बनाने की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि रावतरा मोड़ लगातार दुर्घटनाओं का केंद्र बनता जा रहा है। यहां आए दिन सड़क हादसे होते हैं, लेकिन इसके बावजूद सड़क सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि रविवार को भी टेंपो की चपेट में आने से एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हुआ था।
झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय उपाध्यक्ष तरुण महतो भी ग्रामीणों के समर्थन में धरना-प्रदर्शन में शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों की मांगों का समर्थन किया। प्रदर्शनकारियों ने एनएचएआई और जिला प्रशासन से रावतरा मोड़ पर गति नियंत्रण के उपाय, चेतावनी संकेतक, सुरक्षा अवरोधक और अन्य जरूरी सड़क सुरक्षा इंतजाम तत्काल करने की मांग की।
मौके पर पहुंचे प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी
घटना और सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद नीमडीह के बीडीओ कुमार एस. अभिनव, डीएसपी मुख्यालय दुसरु बान सिंह, नीमडीह थाना प्रभारी डिलसन बिरुआ, चांडिल थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी और ईचागढ़ थाना प्रभारी वरुण यादव समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे।
फिलहाल इस घटना ने एक बार फिर एनएच-18 पर सड़क सुरक्षा व्यवस्था और रावतरा मोड़ पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों की मांग है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन और एनएचएआई तत्काल ठोस कदम उठाएं।
