बोकारो: झारखंड के बोकारो जिले में नावाडीह गोलीकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी कारू महतो को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी मेड लोहे का सिक्सर और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, उधार में पैसे नहीं मिलने से नाराज आरोपी ने कुलदीप कुमार महतो को जान से मारने की नीयत से गोली मार दी थी। गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ बोकारो समेत अलग-अलग जिलों के थानों में कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, 7 नवंबर 2026 की सुबह करीब 7:30 से 7:45 बजे के बीच नावाडीह थाना क्षेत्र में कारू महतो ने कुलदीप कुमार महतो पर गोली चला दी थी। गोली लगने से कुलदीप गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद पीड़ित के लिखित आवेदन के आधार पर नावाडीह थाना में कांड संख्या 81/2026 दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बोकारो एसपी के निर्देश पर बेरमो अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रविंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी।
इसी दौरान 9 नवंबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि प्राथमिकी का आरोपी कारू महतो आहरडीह लंगड़ाटांड़ जंगल में हथियार के साथ किसी दूसरी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में छापेमारी की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन सशस्त्र बल के जवानों की मदद से उसे पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी मेड लोहे का सिक्सर और दो जिंदा कारतूस बरामद किए। पूछताछ में आरोपी ने कुलदीप कुमार महतो पर गोली चलाने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कुलदीप से उधार में पैसे मांगे थे। जब उसने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो नाराज होकर कारू महतो ने उस पर गोली चला दी।
वहीं, अवैध हथियार बरामद होने के बाद पुलिस ने नावाडीह थाना में कांड संख्या 82/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धाराओं में एक और मामला दर्ज किया है।
कई जिलों में दर्ज हैं आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी कारू महतो का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ दुमका, बोकारो थर्मल, चंद्रपुरा, डुमरी, नावाडीह और बरवड्डा थाना क्षेत्रों में लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इस पूरे मामले की जानकारी बेरमो एसडीपीओ रविंद्र कुमार सिंह ने दी। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और अन्य घटनाओं में उसकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
