HomeJharkhandछठ से पहले एक्शन में रांची की महापौर रोशनी खलखो, छह प्रमुख...

छठ से पहले एक्शन में रांची की महापौर रोशनी खलखो, छह प्रमुख घाटों का किया निरीक्षण; सुरक्षा और सफाई पर दिए निर्देश

रांची: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं और व्रतियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को महापौर रोशनी खलखो ने निगम के अधिकारियों के साथ शहर के छह प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर चल रहे सफाई कार्यों और अन्य तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

महापौर ने बनस तालाब, नायक छठ तालाब, चंबोधा तालाब, स्वर्णरेखा छठ घाट, कमलू तालाब और पावर हाउस छठ तालाब का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और सुझावों की जानकारी ली।

घाटों पर लगातार चलेगा विशेष सफाई अभियान

निरीक्षण के दौरान महापौर ने सफाई व्यवस्था पर संतोष जताया। साथ ही निर्देश दिया कि छठ महापर्व तक सभी घाटों और उनके आसपास के क्षेत्रों में लगातार विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की भी नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।

व्रतियों के लिए चेंजिंग रूम और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

महापौर ने व्रती महिलाओं की सुविधा और निजता को ध्यान में रखते हुए सभी छठ घाटों पर पर्याप्त चेंजिंग रूम बनाने का निर्देश दिया। इसके अलावा गहरे पानी वाले स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग और घेराबंदी करने को कहा, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर जरूरत के अनुसार अतिरिक्त लाइट लगाने का भी निर्देश दिया गया। महापौर ने कहा कि पूजा समितियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा जाए और उनकी समस्याओं एवं शिकायतों का तत्काल समाधान किया जाए।

समय सीमा के भीतर पूरी हों सभी तैयारियां

महापौर रोशनी खलखो ने निगम की टीम को निर्देश दिया कि छठ महापर्व तक सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी जरूरी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं।

उन्होंने कहा कि रांची नगर निगम का प्रयास है कि लोक आस्था के इस महापर्व पर शहर के सभी छठ घाट स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित रहें, ताकि व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या 13 के पार्षद पवन तिर्की, वार्ड संख्या 14 की पार्षद अंजू देवी, वार्ड संख्या 46 की पार्षद आरती कुमारी, नगर निगम के पदाधिकारी और विभिन्न छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments