सरायकेला-खरसावां: आदित्यपुर में संपत्ति विवाद को लेकर गोली चलने का मामला सामने आया है। 111 सेफ लाइफ अस्पताल के संचालक डॉ. ओपी आनंद को उनके बड़े भाई सत्य प्रकाश सुधांशु ने गोली मार दी। गोली उनकी पीठ में लगी, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में जमशेदपुर स्थित टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया। हालांकि, चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।
घटना सोमवार को आरआईटी थाना क्षेत्र के मार्ग संख्या-4 की है। जानकारी के अनुसार, डॉ. ओपी आनंद, गायत्री शिक्षा निकेतन के संस्थापक डॉ. वाई.पी. आनंद के छोटे पुत्र हैं। वहीं, गोली चलाने का आरोप उनके बड़े भाई सत्य प्रकाश सुधांशु पर लगा है, जो गायत्री शिक्षा निकेतन स्कूल के सचिव हैं।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना के पीछे पारिवारिक और संपत्ति विवाद की बात सामने आ रही है। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह और गोली चलाने की परिस्थितियों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
घटना के बाद घायल डॉ. ओपी आनंद को तत्काल टीएमएच ले जाया गया। इस घटना की खबर मिलते ही उनके परिजन, शुभचिंतक और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंचने लगे।
इधर, सूचना मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
