देवघर: ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने और उन्हें आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में देवघर जिले को बड़ी सौगात मिली है। जिले के अमजो गांव में नव परिवर्तन झारखंड मद से आधुनिक साइंस सेंटर की शुरुआत की गई। झारखंड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण एवं जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन ने फीता काटकर साइंस सेंटर का उद्घाटन किया।
उद्घाटन समारोह के दौरान मंत्री हफीजुल हसन ने कहा कि आज के दौर में शिक्षा और आधुनिक तकनीक सबसे बड़ी जरूरत है। झारखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें सही मंच और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की है।
उन्होंने कहा कि यह साइंस सेंटर देवघर और आसपास के ग्रामीण इलाकों के बच्चों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। यहां उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं के माध्यम से बच्चों को विज्ञान, तकनीक और नवाचार की व्यावहारिक जानकारी मिलेगी।
3D प्रिंटर, रोबोटिक्स और ड्रोन से सीखेंगे बच्चे
इस साइंस सेंटर में बच्चों के लिए कई आधुनिक तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें 3D प्रिंटर, रोबोटिक्स किट, ड्रोन, प्रोटोटाइप निर्माण और तारामंडल जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
इन तकनीकों के जरिए बच्चे केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि प्रयोग और व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से विज्ञान को समझ सकेंगे। इसका उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को आधुनिक तकनीक से परिचित कराना और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है।
अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ उद्घाटन
कार्यक्रम में देवघर के उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया, उप विकास आयुक्त, जिला शिक्षा अधीक्षक समेत जिले के कई अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
साइंस सेंटर की शुरुआत को ग्रामीण क्षेत्र में विज्ञान शिक्षा और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

