HomeJharkhandकोडरमा के स्कूल में मिड-डे मील बनाते समय गैस सिलिंडर में लगी...

कोडरमा के स्कूल में मिड-डे मील बनाते समय गैस सिलिंडर में लगी भीषण आग, प्रधानाध्यापक झुलसे

कोडरमा: झारखंड के कोडरमा जिले के सतगावां प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय समलडीह में बुधवार को मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) बनाने के दौरान गैस सिलिंडर में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठते ही विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, शिक्षकों की तत्परता से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। आग बुझाने के प्रयास में विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुनील कुमार झुलस गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए सतगावां अस्पताल भेजा गया।

रेगुलेटर लगाने के दौरान गैस रिसाव से भड़की आग

जानकारी के अनुसार, उत्क्रमित मध्य विद्यालय समलडीह में अलग से रसोई शेड नहीं होने के कारण बरामदे में ही मध्याह्न भोजन तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान रसोइया गैस सिलिंडर में रेगुलेटर लगाने का प्रयास कर रही थीं। तभी गैस का रिसाव हुआ और अचानक सिलिंडर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।

आग की लपटें देखकर विद्यालय में मौजूद शिक्षक और अन्य लोग सतर्क हो गए। शिक्षकों ने बिना देर किए सभी बच्चों को विद्यालय परिसर से सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

आग बुझाने के प्रयास में प्रधानाध्यापक झुलसे

सिलिंडर में लगी आग को बुझाने के प्रयास में विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुनील कुमार झुलस गए। उन्हें इलाज के लिए सतगावां अस्पताल भेजा गया। बताया गया कि सिलिंडर में लगी आग करीब आधे से पौने घंटे तक जलती रही, जिससे विद्यालय परिसर में दहशत का माहौल बना रहा।

घटना की सूचना मिलने के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

रसोई शेड नहीं होने से उठे सुरक्षा पर सवाल

विद्यालय में अलग रसोई शेड नहीं होने के कारण बरामदे में खाना बनाए जाने की बात सामने आई है। इस घटना ने स्कूलों में मध्याह्न भोजन तैयार करने की व्यवस्था और रसोई की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। गनीमत रही कि शिक्षकों की सतर्कता से सभी बच्चे सुरक्षित बच गए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments