सरायकेला-खरसावां: शारदीय नवरात्र के अवसर पर आदित्यपुर के एस टाइप दुर्गा पूजा मैदान में श्रद्धा और भव्यता का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। यहां सिंहभूम बॉयज क्रिकेट क्लब दुर्गा पूजा कमेटी की ओर से अमेरिका के प्रसिद्ध स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर की तर्ज पर आकर्षक पूजा पंडाल तैयार किया गया है। मंगलवार शाम आयोजित समारोह में ईचागढ़ के पूर्व विधायक अरविंद सिंह और आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर पंडाल का उद्घाटन किया।
पूर्व विधायक और मेयर ने किया उद्घाटन
उद्घाटन समारोह के दौरान अतिथियों ने मां दुर्गा के दरबार में माथा टेककर क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। सिंहभूम बॉयज क्रिकेट क्लब के मुख्य संरक्षक मनोज सिंह और अध्यक्ष बबलू सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया।
अमेरिका के अक्षरधाम मंदिर की तर्ज पर तैयार इस पंडाल की भव्यता श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। पारंपरिक कारीगरी और सजावट के जरिए मंदिर की स्थापत्य शैली को पंडाल में उतारने का प्रयास किया गया है।
कारीगरों की कला की पूर्व विधायक ने की सराहना
उद्घाटन के बाद पूर्व विधायक अरविंद सिंह ने पूजा कमेटी और पंडाल निर्माण में जुटे कारीगरों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सिंहभूम बॉयज क्रिकेट क्लब की टीम वर्षों से पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ मां दुर्गा की पूजा आयोजित करती आ रही है।
उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों और आर्थिक चुनौतियों के बावजूद इतनी विशाल और आकर्षक कलाकृति तैयार करना कारीगरों की प्रतिभा का प्रमाण है। बांस, रस्सी और तिरपाल जैसी सामान्य सामग्री से इतनी भव्य संरचना तैयार करना अपने आप में सराहनीय कार्य है।
अरविंद सिंह ने पारंपरिक कला को प्रोत्साहित करने के लिए सरकारी सहयोग की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने मां दुर्गा से सभी के सुख और समृद्धि की कामना की।
समारोह में कई गणमान्य लोग हुए शामिल
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त डीआईजी दीपक सिन्हा, उदय सिंह देव, विमल सिंह, नीरू सिंह और राकेश सिंह सहित कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
पंडाल के उद्घाटन के साथ ही इसे देखने के लिए लोगों का पहुंचना शुरू हो गया है। अमेरिका के प्रसिद्ध अक्षरधाम मंदिर की तर्ज पर तैयार यह पंडाल नवरात्र के दौरान आदित्यपुर और जमशेदपुर के श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आकर्षण बनने की उम्मीद है।

