HomeCrimeकोडरमा में त्योहार से पहले ठग गिरोह सक्रिय, प्रवासी मजदूर से नकदी...

कोडरमा में त्योहार से पहले ठग गिरोह सक्रिय, प्रवासी मजदूर से नकदी की ठगी

कोडरमा: त्योहार नजदीक आते ही कोडरमा जिले में ठगी की घटनाएं सामने आने लगी हैं। ताजा मामला तिलैया थाना क्षेत्र के अशोका होटल के पास का है, जहां दिल्ली से लौट रहे एक प्रवासी मजदूर को ठगों ने अपना शिकार बना लिया। ठगों ने गांव जाने का बहाना बनाकर पीड़ित को अपनी बातों में उलझाया और सामान चेक करने के बहाने नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित रंजीत यादव पूर्वा एक्सप्रेस से कोडरमा स्टेशन पहुंचा था। यहां से उसे गिरिडीह जिले के जमुआ स्थित अपने गांव जाना था। इसके लिए वह पैदल महाराणा प्रताप चौक की ओर जा रहा था। इसी दौरान अशोका होटल के पास एक बाइक सवार युवक उसके पास पहुंचा और गांव का पता पूछने लगा।

बातचीत के दौरान जब रंजीत ने बताया कि उसे जमुआ जाना है, तो बाइक सवार ने भी खुद को जमुआ जाने वाला बताया। इसी बहाने उसने रंजीत को भरोसे में लिया और बाइक पर बैठा लिया। इसके बाद उसने फोन कर अपने एक अन्य साथी को बुलाया और पीड़ित को पास की एक गली में ले गया।

वहां सामान चेक करने के बहाने ठगों ने रंजीत का नकदी वाला बैग अपने पास रख लिया और उसके बदले दूसरा बैग थमा दिया। इसके बाद दोनों ठग मौके से फरार हो गए। काफी देर तक जब वे वापस नहीं लौटे, तब रंजीत को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ।

पीड़ित ने तत्काल डायल 100 पर फोन कर पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। आरोपियों की पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला

स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले भी इसी तरह की घटना सामने आई थी। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों को देखते हुए यात्रियों को सतर्क रहने की जरूरत है। खासकर त्योहारों के दौरान रेलवे स्टेशन और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अनजान लोगों पर आंख मूंदकर भरोसा करने से बचना चाहिए।

पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और आरोपियों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments