धनबाद के सदर थाना क्षेत्र के तेलीपाड़ा इलाके से सामने आए एक वायरल वीडियो ने कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में एक महिला को पेड़ से बांधकर कुछ लोगों द्वारा कथित तौर पर मारपीट करते हुए देखा जा रहा है। महिला चीखती-चिल्लाती नजर आ रही है, जबकि आसपास कुछ महिलाएं खड़ी दिखाई दे रही हैं। वीडियो में एक महिला के हाथ में डंडा भी नजर आ रहा है।
बताया जा रहा है कि मामला पैसे के लेन-देन से जुड़े विवाद का है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस के मौके पर पहुंचने की बात सामने आई है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई है।
मामले में यह आरोप भी सामने आया है कि वीडियो में दिखाई दे रही महिला खुद को एक मानवाधिकार संगठन से जुड़ा बताती है और संगठन के नाम पर अलग-अलग मामलों में लोगों पर दबाव बनाने की कोशिश करती है। वहीं, कुछ दिन पहले झरिया थाना क्षेत्र में एक घर में घुसकर मारपीट करने और पैसे ऐंठने के आरोप भी महिला पर लगाए जाने की बात कही जा रही है। इन आरोपों की भी पुलिस जांच कर रही है।
दूसरी ओर, किसी महिला को पेड़ से बांधकर उसके साथ मारपीट किए जाने का मामला भी गंभीर है। कानून किसी भी व्यक्ति को अपने हाथ में लेकर किसी के साथ मारपीट करने की इजाजत नहीं देता।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी, महिला को पेड़ से बांधकर मारपीट करने में कौन-कौन लोग शामिल थे और मानवाधिकार संगठन से जुड़े होने का दावा कितना सही है।

