रांची/जमशेदपुर: वियतनाम में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले झारखंड के दो युवा योग प्रशिक्षकों राजा कुमार और विनय कुमार राय के पार्थिव शरीर शनिवार, 3 अक्टूबर को झारखंड पहुंचने की उम्मीद है। दोनों के शव पहले कोलकाता लाए जाएंगे। इसके बाद एंबुलेंस से रांची और जमशेदपुर ले जाने की तैयारी है। परिजन बेसब्री से अपने बेटों के पार्थिव शरीर का इंतजार कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, वियतनाम के दा लात शहर में 25 सितंबर को हुए सड़क हादसे में रांची निवासी राजा कुमार और जमशेदपुर निवासी विनय कुमार राय की जान चली गई थी। दोनों वहां आदि योग अकादमी में योग प्रशिक्षक के रूप में काम कर रहे थे। हादसे के दौरान दोनों दोपहिया वाहन से जा रहे थे, तभी उनकी टक्कर एक कार से हो गई। राजा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि विनय ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद दोनों के पार्थिव शरीर को भारत लाने में आर्थिक और प्रशासनिक परेशानियां सामने आई थीं। शवों को वापस लाने के लिए झारखंड सरकार, विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास के स्तर पर पहल की गई। वहीं, दोनों के परिजनों को भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
झारखंड प्रवासन सेल की टीम लीडर शिखा लकड़ा के अनुसार, दोनों के पार्थिव शरीर कोलकाता के रास्ते शनिवार सुबह तक झारखंड पहुंचने की उम्मीद है। शवों के पहुंचने के बाद उन्हें उनके गृह नगर ले जाया जाएगा। इस दुखद घटना से रांची और जमशेदपुर में शोक का माहौल है।

