जमशेदपुर:– सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने मामले में कथित तौर पर साजिश और सहयोग में शामिल चार आरोपियों को छत्तीसगढ़ के रायपुर से गिरफ्तार किया है। चारों को पूछताछ के बाद जमशेदपुर पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, 26 सितंबर को बिंदल मॉल के ग्राउंड फ्लोर स्थित उडुपी रेस्टोरेंट में डोमनिक सैमसन, रिजवान, दिलशाद और कृष्णा चौधरी खाना खा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन हमलावर रेस्टोरेंट में पहुंचे और करीब 11 राउंड फायरिंग की। अचानक हुई गोलीबारी से पूरे मॉल में अफरा-तफरी मच गई।
फायरिंग में चारों लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) ले जाया गया। सभी का इलाज जारी बताया जा रहा है।
घटना की जांच के दौरान पुलिस की SIT ने रायपुर के टोल प्लाजा के पास कार्रवाई करते हुए चार लोगों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान टीटू शर्मा, मनोज सरकार, शंकर मुंडा और दीपू ओझा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, इन पर फायरिंग की साजिश और सहयोग में शामिल होने का आरोप है।
रायपुर पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें जमशेदपुर पुलिस को सौंप दिया। अब जमशेदपुर पुलिस चारों से घटना को लेकर गहन पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, फायरिंग के पीछे जमीन कारोबार और पुरानी रंजिश का एंगल सामने आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की भूमिका समेत घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाया जा रहा है।


