HomeJharkhandSIR को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल, बोली- योग्य मतदाताओं का नाम...

SIR को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल, बोली- योग्य मतदाताओं का नाम नहीं कटे, प्रक्रिया में पारदर्शिता जरूरी

देवघर: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कांग्रेस ने चुनाव आयोग से मतदाता सूची की प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की है। रविवार को देवघर स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता अब्दुल करीम अंसारी ने कहा कि मतदाता सूची में सुधार जरूरी है, लेकिन किसी भी योग्य नागरिक का नाम सूची से नहीं कटना चाहिए।

अब्दुल करीम अंसारी ने कहा कि मृत और अपात्र मतदाताओं के नाम हटाए जाने के साथ सभी योग्य नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि पुनरीक्षण के दौरान किसी योग्य मतदाता का नाम हटता है, तो इसके लिए जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।

कांग्रेस नेताओं ने SIR से जुड़े निर्णयों और मतदाता सूची से नाम हटाने की प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने मांग की कि जिन नागरिकों के नाम हटाए गए हैं, उन्हें अपना नाम दोबारा जुड़वाने के लिए पर्याप्त अवसर और सरल प्रक्रिया उपलब्ध कराई जाए।

प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप पांडेय ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मतदाता सूची से नाम हटाने की प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर सवाल किया। उन्होंने SIR से जुड़े निर्णयों और संबंधित रिकॉर्ड को सार्वजनिक करने की मांग भी की। साथ ही पहली बार मतदान करने वाले युवाओं समेत पात्र नागरिकों के लिए फॉर्म-6 की प्रक्रिया को सरल और स्पष्ट बनाने की मांग की।

गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने झारखंड समेत कुछ राज्यों के लिए SIR-2026 का कार्यक्रम जारी किया है। आयोग के कार्यक्रम के अनुसार झारखंड में 5 अगस्त 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित हुई थी, जबकि दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अवधि 5 अगस्त से 4 सितंबर तक थी। दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया 3 अक्टूबर तक निर्धारित है और अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित होनी है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी चुनाव आयोग की संवैधानिक स्वतंत्रता का सम्मान करती है, लेकिन मतदाता सूची के पुनरीक्षण में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए। उनका कहना है कि किसी भी योग्य भारतीय नागरिक को मताधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।

प्रेस वार्ता में जिला अध्यक्ष राजेंद्र दास, उपाध्यक्ष दिनेशानंद, मकसूद आलम, नगर अध्यक्ष रवि केशरी, जिला सचिव कुमार बाबा, अजय कृष्ण, दीपक कुमार सिंह, अब्दुल करीम अंसारी समेत अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments