HomeCrimeलोहरदगा में फोरलेन निर्माण स्थल पर आगजनी की कोशिश, पुलिस से मुठभेड़...

लोहरदगा में फोरलेन निर्माण स्थल पर आगजनी की कोशिश, पुलिस से मुठभेड़ के बाद फरार हुए अपराधी

लोहरदगा के कुडू थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात फोरलेन सड़क निर्माण स्थल पर दो अपराधियों ने आगजनी की कोशिश की। अपराधियों ने निर्माण स्थल पर खड़े रोड रोलर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर गश्त कर रही कुडू थाना पुलिस और एसएटी की टीम की सक्रियता से उनका प्रयास विफल हो गया।

जानकारी के अनुसार, कुडू थाना क्षेत्र के ढुलूवा खूंटा से लातेहार जिले के उदयपुरा तक फोरलेन सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। एनएच-39 पर टीको पुल के समीप सड़क की लेवलिंग और पुल पर गाइडर लगाने का काम जारी है। इसी निर्माण स्थल को निशाना बनाते हुए मोटरसाइकिल सवार दो अपराधी वहां पहुंचे थे।

बताया गया कि अपराधियों के पास प्लास्टिक की बोतल में पेट्रोल था। उन्होंने रोड रोलर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की कोशिश की। इसी दौरान आसपास गश्त कर रही पुलिस और एसएटी की टीम की नजर उन पर पड़ गई। पुलिस को देखते ही दोनों अपराधियों ने भागने के दौरान पुलिस की ओर दो राउंड फायरिंग की।

इसके जवाब में पुलिस टीम ने भी तीन राउंड फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई के बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ाते हुए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आगजनी की कोशिश के पीछे कौन लोग शामिल हैं और घटना का उद्देश्य क्या था।

लोहरदगा के पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है तथा संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।

घटना के बाद फोरलेन निर्माण स्थल और आसपास के इलाकों में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि निर्माण कार्य में किसी तरह की बाधा न आए और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments