देवघर:- MMDR कानून के विरोध में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की ओर से देवघर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। धरना समाप्त होने के बाद राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने देवघर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए MMDR कानून को वापस लेने की मांग की।
धरना-प्रदर्शन के दौरान देवघर विधायक सुरेश पासवान ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने MMDR कानून को झारखंड के हितों के खिलाफ बताते हुए आरोप लगाया कि इस कानून के जरिए राज्य की कल्याणकारी योजनाओं को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।
विधायक सुरेश पासवान ने कहा कि केंद्र सरकार को MMDR कानून को वापस लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर कानून वापस नहीं लिया गया तो राजद अपने आंदोलन को और तेज करेगा। जरूरत पड़ने पर पार्टी की ओर से जेल भरो कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
राजद नेताओं ने कहा कि झारखंड के हितों और अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी। धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।


