बेरमो:– बोकारो थर्मल के स्वामी विवेकानंद फुटबॉल मैदान में करम महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। करम गीतों की गूंज, मांदर की थाप और पारंपरिक नृत्य से पूरा मैदान उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और पारंपरिक संस्कृति का आनंद लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा शामिल हुए। उनके साथ बोकारो एसपी नाथू सिंह मीना, बेरमो एसडीओ मनोज कुमार, बेरमो बीडीओ मुकेश कुमार, बेरमो सीओ संजीत सिंह, बोकारो थर्मल थाना प्रभारी रोहित सिंह समेत कई अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद विधि-विधान से करम डाली की पूजा-अर्चना की गई।
पूजा के बाद करम गीत और पारंपरिक नृत्य की प्रस्तुति शुरू हुई। पारंपरिक परिधानों में महिलाओं और युवतियों की मनमोहक प्रस्तुति ने दर्शकों का ध्यान खींचा। मांदर की थाप और लोकगीतों की मधुर धुन पर कलाकारों ने शानदार नृत्य प्रस्तुत किया। दर्शकों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम का खास आकर्षण उस समय देखने को मिला, जब उपायुक्त अजय नाथ झा भी करम गीत की धुन पर लोगों के साथ थिरकते नजर आए। उन्होंने लोगों के साथ कदम से कदम मिलाकर पारंपरिक नृत्य किया। उपायुक्त का यह सहज और आत्मीय अंदाज समारोह में मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
मौके पर वक्ताओं ने कहा कि करम पर्व प्रकृति के प्रति आस्था, भाई-बहन के प्रेम, सामाजिक एकजुटता और सुख-समृद्धि की कामना से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इस तरह के आयोजन झारखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


