उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में डीएमएफटी पीएमयू एवं मीडिया मॉनिटरिंग टीम के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएमएफटी के माध्यम से संचालित योजनाओं की प्रगति, प्रस्ताव तैयार करने, विभिन्न विभागों से प्राप्त सूचनाओं के समेकन तथा मीडिया मॉनिटरिंग से संबंधित कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में उपायुक्त ने बेसलाइन सर्वे को प्राथमिकता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर वास्तविक जरूरतों का आकलन होने के बाद ही योजनाओं को प्रभावी तरीके से तैयार और लागू किया जा सकता है। इसके लिए संबंधित टीम को सर्वे से जुड़े कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा गया।
इसके अलावा डोर-टू-डोर एनसीडी स्क्रीनिंग को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। लोगों के घर-घर जाकर गैर-संचारी रोगों से संबंधित स्क्रीनिंग की प्रक्रिया को गति देने तथा प्राप्त आंकड़ों के आधार पर आगे की कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया।
बैठक में गोटरी बैंक, शिक्षा एवं स्कूल इंफ्रास्ट्रक्चर गैप समेत अन्य क्षेत्रों से संबंधित प्रस्ताव तैयार करने पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यकताओं की पहचान कर ठोस प्रस्ताव तैयार करने और लंबित योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने पर भी जोर दिया।
समीक्षा के दौरान मीडिया मॉनिटरिंग टीम के कार्यों की भी जानकारी ली गई। उपायुक्त ने टीम को सभी संबंधित विभागों से नियमित रूप से प्रगति प्रतिवेदन प्राप्त करने और उनका समेकित रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों की योजनाओं और उपलब्धियों से संबंधित जानकारी व्यवस्थित रूप से संकलित की जाए, ताकि जिले में विकास कार्यों की प्रगति का स्पष्ट विवरण तैयार किया जा सके।
उपायुक्त ने मासांत तक प्रेस सम्मेलन की सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश भी दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विभागवार उपलब्धियों, योजनाओं की प्रगति और महत्वपूर्ण गतिविधियों से जुड़ी जानकारी समय पर उपलब्ध कराने को कहा, ताकि प्रेस सम्मेलन के दौरान समग्र रिपोर्ट प्रस्तुत की जा सके।
बैठक में डीएमएफटी पीएमयू एवं मीडिया मॉनिटरिंग टीम से जुड़े पदाधिकारी और संबंधित कर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों को सौंपे गए कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने और प्रगति की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।


