पाकुड़:– कांग्रेस के पूर्व मंत्री योगेंद्र साव के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को लेकर दिए गए बयान पर राजमहल लोकसभा क्षेत्र के झामुमो सांसद विजय हांसदा ने पलटवार किया है। सोमवार को सांसद विजय हांसदा जनता और झामुमो कार्यकर्ताओं की समस्याओं से रूबरू होने के लिए पाकुड़ परिसदन पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।
जनता ने सड़क, पानी, बिजली समेत विभिन्न समस्याओं को सांसद के सामने रखा। विजय हांसदा ने संबंधित समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए जल्द निजात दिलाने की बात कही। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता योगेंद्र साव के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर भ्रष्टाचार को लेकर आरोप लगाए गए थे।
विजय हांसदा ने कहा कि जिन लोगों की मनसा पूरी नहीं होती है, वे अक्सर उसका दोष दूसरों के माथे मढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग सही दिशा में और जनहित के लिए जमीन पर उतरकर काम करते हैं, उनके साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत पार्टी के तमाम नेता और कार्यकर्ता खड़े हैं।
सांसद ने कहा कि सरकारी कार्यों में बाधा उत्पन्न करना उचित नहीं है। जनहित से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने में सभी को सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना और सरकारी योजनाओं का सही तरीके से क्रियान्वयन होना प्राथमिकता होनी चाहिए, न कि केवल बयानबाजी।


