रांची, 19 सितंबर 2026।
निर्वाचन कार्य के दौरान मतदाताओं को बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) के माध्यम से दिए जा रहे कथित अधूरे नोटिस को लेकर रांची महानगर कांग्रेस ने आपत्ति जताई है। पार्टी ने इस संबंध में जिला निर्वाचन पदाधिकारी, रांची को पत्र सौंपकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
रांची महानगर कांग्रेस कमिटी के कार्यालय प्रभारी मो. हुसैन अंसारी की ओर से सौंपे गए पत्र में कहा गया है कि निर्वाचन प्रक्रिया के तहत बीएलओ द्वारा मतदाताओं को दिए जाने वाले नोटिस में आवश्यक विवरण और संबंधित जानकारी स्पष्ट रूप से भरी हुई होनी चाहिए। इससे मतदाता को नोटिस का उद्देश्य समझने और संबंधित प्रक्रिया को समय पर पूरा करने में सुविधा होगी।
कांग्रेस की ओर से कहा गया है कि कई स्थानों से ऐसी शिकायतें सामने आ रही हैं, जहां मतदाताओं को खाली अथवा अधूरे नोटिस उपलब्ध कराए जा रहे हैं। पार्टी का कहना है कि इस तरह की स्थिति से मतदाताओं में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है और निर्वाचन संबंधी प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
रांची महानगर कांग्रेस ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी से मामले की जांच कराने तथा संबंधित बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है। साथ ही यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है कि मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े नोटिस और आवश्यक जानकारी निर्धारित प्रारूप एवं पूर्ण विवरण के साथ उपलब्ध कराई जाए।
पार्टी ने कहा कि मतदाता सूची से संबंधित किसी भी प्रक्रिया में पारदर्शिता और स्पष्ट जानकारी जरूरी है, ताकि पात्र मतदाताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई पूरी की जा सके।


