गिरिडीह। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार को गिरिडीह स्थित उत्सव उपवन पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत मंत्री एवं गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू की तस्वीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। सुदिव्य सोनू के श्राद्धकर्म में मुख्यमंत्री के साथ कई मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य गणमान्य लोग भी शामिल हुए।
इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू की कमी को पूरा करना बेहद कठिन है। मंत्री के रूप में उनकी सक्रियता किसी से छिपी नहीं थी। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्ति की आवश्यकता समाज और राज्य को हमेशा रहेगी।
सीएम ने कहा कि सुदिव्य सोनू में हौसला और जुनून था। उन्होंने राज्य के विभिन्न क्षेत्रों को दिशा देने का काम किया। उन्होंने कहा कि अभी भी मन यह मानने को तैयार नहीं है कि सुदिव्य सोनू अब हमारे बीच नहीं हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी सुदिव्य सोनू के योगदान के लिए सदैव ऋणी रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि दुख की इस घड़ी में पार्टी और सरकार दिवंगत मंत्री के परिवार के साथ खड़ी है।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेता और बड़ी संख्या में लोग भी पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान माहौल भावुक रहा और लोगों ने दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने लोगों से सुदिव्य सोनू की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भले ही सुदिव्य सोनू अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके कार्य और व्यक्तित्व लोगों के लिए मिसाल बने रहेंगे।


