हजारीबाग:-बरही थाना क्षेत्र के गया रोड में पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में नकली पान मसाला जब्त किया है। गुप्त सूचना के आधार पर हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने दो दुकानदारों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों दुकानों से असली कंपनी के नाम पर नकली उत्पाद बेचने का मामला सामने आया है।
गुप्त सूचना पर गठित हुई विशेष टीम
हजारीबाग पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि सोम एरोमा प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के ‘एक्शन 7 टोबैको’ ब्रांड के नकली उत्पाद बाजार में बेचे जा रहे हैं। सूचना के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राधाप्रेम किशोर और बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
दो दुकानों से 523 नकली पैकेट बरामद
पुलिस टीम ने गया रोड स्थित आर.के. ट्रेडर्स में छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां से पीले रंग के 505 नकली पैकेट बरामद किए गए। दुकान मालिक संदीप सेठ (44) से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर पास स्थित नरेश प्रसाद स्टोर में भी छापेमारी की, जहां से नीले रंग के 18 नकली पैकेट मिले।
इस तरह दोनों दुकानों से कुल 523 नकली पैकेट पुलिस ने जब्त किए।
पैकेट पर निर्माण और एक्सपायरी डेट नहीं
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि जब्त किए गए पैकेटों पर मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट दर्ज नहीं थी। पुलिस के अनुसार, पैकेट के बाहर 5 रुपये और अंदर 3 रुपये एमआरपी अंकित थी। आरोप है कि असली कंपनी के नाम का इस्तेमाल कर नकली उत्पाद बाजार में खपाया जा रहा था।
कॉपीराइट उल्लंघन और धोखाधड़ी का केस
पुलिस ने दोनों दुकानदारों के खिलाफ कॉपीराइट उल्लंघन और धोखाधड़ी से संबंधित मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली पान मसाला कहां से लाया गया था और इसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका है या नहीं।
फिलहाल पुलिस ने जब्त सामान को जांच के लिए सुरक्षित कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।


