लातेहार/चंदवा:- बरकाकाना-बरवाडीह रेलखंड के चेटर स्टेशन के समीप नाले से एक युवती का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शव रेलवे ट्रैक की अप और डाउन लाइन के बीच बने नाले से बरामद किया गया है। घटना लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, युवती की उम्र करीब 20 से 22 वर्ष बताई जा रही है। उसने ब्राउन रंग का ट्राउजर और ब्लैक टी-शर्ट पहन रखी थी। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है। शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के कारण युवती की मौत को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद चंदवा थाना पुलिस घटनास्थल के लिए रवाना हो गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेने के साथ आसपास के क्षेत्र की जांच करेगी। साथ ही युवती की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवती की मौत हत्या, आत्महत्या या किसी अन्य परिस्थिति में हुई है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।


