कोडरमा: जयनगर थाना क्षेत्र के डुमरी गांव में चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने घर में सो रहे 12 लोगों को कमरों में बाहर से बंद कर दिया और दो कमरों से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए।
गृहस्वामी सतीश कुमार के अनुसार, रविवार रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। रात करीब 2:30 बजे बड़े भाई की नींद खुली तो उन्होंने देखा कि कमरे का दरवाजा बाहर से बंद है। फोन करने पर पता चला कि घर के अन्य कमरों के दरवाजे भी बाहर से बंद कर दिए गए हैं।
परिवार ने तुरंत पड़ोसियों को फोन कर मदद मांगी। पड़ोसियों के पहुंचने की आहट मिलते ही चोर मौके से फरार हो गए। दरवाजे खुलने के बाद घर की जांच की गई तो सामान बिखरा मिला और अलमारी के लॉकर टूटे हुए थे। चोर करीब 4 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 10 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही जयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

