चाईबासा | पश्चिमी सिंहभूम | झारखंड :-
8 सितंबर को होने वाले गुआ शहीद दिवस को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रस्तावित आगमन को देखते हुए उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने संयुक्त रूप से गुआ क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने गुआ शहीद स्थल, गुआ फुटबॉल मैदान, कार्यक्रम स्थल और पार्किंग क्षेत्रों का जायजा लिया। इस दौरान मंच, बैठने की व्यवस्था, प्रवेश-निकास, बैरिकेडिंग, सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया है। साथ ही पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, प्राथमिक उपचार, आपातकालीन सेवाओं और साफ-सफाई की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने कहा कि गुआ शहीद दिवस शहीदों के सम्मान और उनके बलिदान को स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर है। इसलिए कार्यक्रम को पूरी गरिमा, सुरक्षा और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया गया है।

