रांची में टाइगर मोबाइल की गश्ती व्यवस्था होगी और सख्त, SSP ने दिए अपराध नियंत्रण के अहम निर्देश

रांची। वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर 3 सितंबर 2026 को नवीन पुलिस केंद्र स्थित यू.सी. झा हॉल में टाइगर मोबाइल के पदाधिकारियों एवं कर्मियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में टाइगर मोबाइल की कार्यप्रणाली, गश्ती व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की समीक्षा की गई।

बैठक में सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, ट्रैफिक एसपी, अपर पुलिस अधीक्षक कोतवाली, सभी डीएसपी, थाना प्रभारी तथा टाइगर मोबाइल में प्रतिनियुक्त पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

SSP ने टाइगर मोबाइल की गश्ती व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए कई अहम निर्देश दिए। बैंक, ATM, ज्वेलरी शॉप, स्कूल, कॉलेज और अन्य संवेदनशील स्थानों के आसपास नियमित एवं सघन गश्ती करने को कहा गया।

इसके अलावा आर्म्स एक्ट, चोरी, NDPS, अवैध शराब, चेन स्नैचिंग, मोबाइल स्नैचिंग और ड्रग पेडलिंग जैसे अपराधों में शामिल अभियुक्तों, पूर्व अपराधियों एवं संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन कर उनके संबंध में आसूचना जुटाने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई का निर्देश दिया गया।

QR Code से होगी पेट्रोलिंग की निगरानी

रांची के सभी थाना क्षेत्रों में महत्वपूर्ण स्थानों पर लगाए गए QR Code को टाइगर मोबाइल कर्मी स्कैन करेंगे। इससे संबंधित स्थानों पर पेट्रोलिंग की उपस्थिति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

SSP ने टाइगर मोबाइल में कार्यरत सभी पदाधिकारियों एवं जवानों की छोटे हथियारों के साथ फायरिंग प्रैक्टिस जल्द कराने का भी निर्देश दिया।

सभी थाना प्रभारियों को टाइगर मोबाइल के कार्यों की नियमित निगरानी करने के साथ-साथ जरूरत के अनुसार क्षेत्र, कार्य और ड्यूटी समय का उचित निर्धारण करने को कहा गया।

बैठक में तीन वर्ष से अधिक समय से एक ही स्थान पर कार्यरत टाइगर मोबाइल कर्मियों को लेकर भी आवश्यक कार्रवाई और कार्यप्रणाली में बदलाव पर जोर दिया गया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here