रांची:– पश्चिमी सिंहभूम के यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस के ठहराव को रेलवे बोर्ड ने प्रयोगात्मक आधार पर मंजूरी दे दी है। भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं झारखंड से राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा के प्रयासों के बाद रेलवे बोर्ड ने 27 अगस्त 2026 को इस संबंध में स्वीकृति प्रदान की है।
रेलवे बोर्ड ने ट्रेन संख्या 18189/18190 टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस का मनोहरपुर स्टेशन पर ठहराव शुरू करने के निर्देश दिए हैं। बोर्ड के अनुसार, यह ठहराव शीघ्र ही सुविधाजनक तिथि से प्रभावी किया जाएगा।
लंबे समय से उठ रही थी ठहराव की मांग
मनोहरपुर और आसपास के क्षेत्र के लोगों की ओर से लंबे समय से महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग की जा रही थी। क्षेत्र के यात्रियों के लिए मनोहरपुर स्टेशन काफी महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह राउरकेला, रांची तथा झारखंड-बंगाल के प्रमुख रेल मार्गों से जुड़ा हुआ है।
इसके अलावा जामदा, किरीबुरू, गुवा, बड़बिल समेत आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में आने-जाने वाले यात्रियों के लिए भी मनोहरपुर एक महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन है।
अप्रैल 2025 में रेल मंत्री को लिखा था पत्र
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने 3 अप्रैल 2025 को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर मनोहरपुर स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग की थी। इसमें टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों के ठहराव का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया था।
इसके बाद रेल मंत्रालय ने 1 जुलाई 2025 को संबंधित अधिकारियों को ऑपरेशनल फिजिबिलिटी चेक करने का निर्देश दिया था। मामले में आगे की प्रक्रिया और लगातार प्रयासों के बाद रेलवे बोर्ड ने 27 अगस्त 2026 को ठहराव की मंजूरी दे दी।
यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
मनोहरपुर में ट्रेन के ठहराव से पश्चिमी सिंहभूम के हजारों यात्रियों को फायदा मिलने की उम्मीद है। इससे श्रमिकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध होगी।
इस ठहराव से क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ-साथ औद्योगिक, व्यापारिक और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
डॉ. वर्मा ने जताया रेल मंत्रालय का आभार
रेलवे बोर्ड की मंजूरी पर डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेलवे बोर्ड का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मनोहरपुर में ट्रेन का ठहराव क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी और यात्रियों की सुविधा को देखते हुए इस मुद्दे को लगातार रेल मंत्रालय के समक्ष उठाया गया।
उन्होंने कहा कि झारखंड के विकास और जनसुविधाओं से जुड़े विषयों को केंद्र सरकार के सामने मजबूती से उठाना और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करना उनकी प्राथमिकता है।
वहीं, मनोहरपुर और पश्चिमी सिंहभूम के क्षेत्रवासियों ने रेलवे बोर्ड के फैसले का स्वागत किया है। स्थानीय लोगों ने इसे जनहित में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा के प्रयासों के प्रति आभार जताया।


