रांची:– फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सत्र 2026-27 के चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया 31 अगस्त 2026 से शुरू होने जा रही है। कार्यकारिणी समिति और क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पद के लिए इच्छुक सदस्य 31 अगस्त से 1 सितंबर की शाम 4 बजे तक अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे।
चुनाव समिति के अनुसार, नामांकन की अवधि समाप्त होने के बाद 1 सितंबर को शाम 4 बजे से नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी की जाएगी। इसके बाद वैध प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 3 सितंबर 2026 दोपहर 3 बजे निर्धारित की गई है।
नामांकन के लिए DIN नंबर जरूरी
चुनाव पदाधिकारी अंचल किंगर ने बताया कि चुनाव लड़ने वाले सभी प्रत्याशियों के लिए नामांकन प्रपत्र के साथ वैध DIN (Director Identification Number) उपलब्ध कराना अनिवार्य है। वैध DIN नंबर के बिना नामांकन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इसके अलावा कॉरपोरेट अफेयर्स मंत्रालय द्वारा निर्धारित DIR-2 और DIR-8 फॉर्म को विधिवत भरकर नामांकन पत्र के साथ जमा करना भी अनिवार्य होगा।
उन्होंने बताया कि चैम्बर के वही सदस्य चुनाव में प्रत्याशी बनने के पात्र होंगे, जिनकी सदस्यता को कम से कम एक वर्ष पूरा हो चुका है। नामांकन पत्र में प्रस्तावक और समर्थक के तौर पर केवल चैम्बर के डायरेक्ट सदस्य ही मान्य होंगे।
मतदान के लिए सदस्यता की शर्तें
चुनाव पदाधिकारी पवन शर्मा ने बताया कि 12 सितंबर 2026 को होने वाली चैम्बर की 62वीं वार्षिक आमसभा से 30 दिन पहले तक बने आजीवन सदस्यों को चुनाव में मतदान का अधिकार होगा।
वहीं, अन्य श्रेणी के सदस्यों के लिए मतदान की पात्रता हेतु न्यूनतम 90 दिनों की सदस्यता अवधि निर्धारित की गई है।
नामांकन शुल्क 5,900 रुपये
कार्यकारिणी समिति एवं क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रपत्र सीलबंद लिफाफे में चैम्बर कार्यालय में जमा करना होगा। इसके साथ 5,000 रुपये + 18 प्रतिशत GST, यानी कुल 5,900 रुपये की नॉन-रिफंडेबल फीस जमा करनी होगी।
12 सितंबर को आमसभा, 13 सितंबर को चुनाव
फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की 62वीं वार्षिक आमसभा 12 सितंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। वहीं, सत्र 2026-27 के लिए चुनाव 13 सितंबर 2026 को होगा।
चुनाव का आयोजन स्थानीय मारवाड़ी भवन, हरमू रोड, रांची में किया जाएगा। चुनाव की तारीख नजदीक आने के साथ ही चैम्बर के सदस्यों के बीच चुनावी गतिविधियां भी तेज होने की संभावना है।


