रांची:- जवाहर विद्या मंदिर, श्यामली के दयानंद सभागार में अंतर-सदन वादन संगीत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने तबला, ऑक्टापैड, बाँसुरी, हारमोनियम और सिंथेसाइजर की शानदार प्रस्तुतियों से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। देशभक्ति की धुनों पर हुई प्रस्तुतियों ने सभागार को तालियों की गड़गड़ाहट से गुंजायमान कर दिया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में संगीत विशेषज्ञ श्री मनोहर कुमार पाठक और सुश्री गजल मिश्रा मौजूद रहे। दोनों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके संगीत कौशल की प्रशंसा की।
सब जूनियर वर्ग (कक्षा 6 से 8) में राजेंद्र सदन के हर्षवर्धन (कक्षा 7C) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। टैगोर सदन के सत्यम राज (कक्षा 8G) और राजेंद्र सदन के रोनित साहा (कक्षा 7G) संयुक्त रूप से द्वितीय रहे। तिलक सदन के राजस्वी भूषण श्रीवास्तव (कक्षा 8A) और दयानंद सदन के आर्यमन साहू (कक्षा 6A) ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया।
वहीं जूनियर वर्ग (कक्षा 9 से 10) में टैगोर सदन के शौर्य कुमार (कक्षा 10B) ने प्रथम स्थान हासिल किया। राजेंद्र सदन के नमन आर्य (कक्षा 9C) और टैगोर सदन के रेयांश मोहन (कक्षा 9F) संयुक्त रूप से द्वितीय रहे। तिलक सदन के समक्ष वर्मा (कक्षा 9D) और टैगोर सदन के तन्मय तनुश (कक्षा 9A) ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री बी. एन. झा ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि सभी प्रतिभागियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और विजेता का चयन करना निर्णायकों के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। उन्होंने विद्यार्थियों को संगीत से जुड़े रहने और अपनी प्रतिभा को लगातार निखारने के लिए प्रेरित किया।
माध्यमिक प्रभाग प्रभारी श्री शीलेश्वर झा ‘सुशील’ ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि प्रतियोगिता में हारने वाले प्रतिभागी भी किसी मायने में कम नहीं हैं। मंच पर उतरकर अपनी कला का प्रदर्शन करना ही अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने विद्यार्थियों से असफलता से निराश न होकर आगे भी ऐसी प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।


