HomeJharkhandरामगढ़ स्पंज-आयरन प्लांट में देर रात बड़ा हादसा, ब्लास्ट के बाद लगी...

रामगढ़ स्पंज-आयरन प्लांट में देर रात बड़ा हादसा, ब्लास्ट के बाद लगी आग; 3 की मौत, मजदूर गंभीर

रामगढ़: पतरातू प्रखंड के बरकाकाना ओपी क्षेत्र के हेहल स्थित मां छिन्नमस्तिका सीमेंट एंड इस्पात प्राइवेट लिमिटेड के पावर प्लांट में शुक्रवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। उत्पादन के दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद प्लांट में भीषण आग फैल गई। हादसे में तीन लोगों की जलकर मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया।

हादसे में इनकी गई जान

मृतकों में रांची निवासी 50 वर्षीय शिफ्ट इंचार्ज संजीव कुमार केसरी, बोकारो के जगेश्वर बिहार निवासी 25 वर्षीय इंजीनियर विनीत महतो और गढ़वा निवासी 24 वर्षीय इंजीनियर अभिषेक पांडेय शामिल हैं। वहीं, हजारीबाग निवासी मजदूर तरुण रजवार गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसका इलाज रांची रोड स्थित दि हॉप हॉस्पिटल में चल रहा है।

धमाके के बाद मची भगदड़

बताया जा रहा है कि नाइट शिफ्ट में पावर प्लांट में सामान्य तरीके से काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक तेज आवाज के साथ ब्लास्ट हुआ और कुछ ही पलों में आग ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। धमाके से फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और लोग सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे।

घटना की जानकारी मिलते ही बरकाकाना ओपी पुलिस और फैक्ट्री प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए रामगढ़ से 4-5 दमकल वाहनों को बुलाया गया। काफी प्रयास के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका।

ओवरहीटिंग को बताया गया हादसे का कारण

हादसे के बाद प्लांट के यूनिट इंचार्ज अनुराग त्रिपाठी ने प्रबंधन की लापरवाही का आरोप लगाया। उनके अनुसार, प्लांट में ओवरहीटिंग की वजह से ब्लास्ट हुआ। उन्होंने दावा किया कि तापमान नियंत्रित करने के लिए एयर कंडीशनर लगाने की मांग पहले भी की गई थी, लेकिन इस पर प्रबंधन की ओर से अपेक्षित कदम नहीं उठाया गया।

मुआवजा और नौकरी की मांग को लेकर प्रदर्शन

हादसे की खबर मिलने के बाद शनिवार सुबह मृतकों के परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण फैक्ट्री के मुख्य गेट पर पहुंच गए। लोगों ने मृतकों के आश्रितों को उचित मुआवजा और परिवार के सदस्यों को स्थायी नौकरी देने की मांग करते हुए विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया।

स्थिति को देखते हुए फैक्ट्री परिसर के बाहर पुलिस बल की तैनाती की गई है। हादसे के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आगे की जांच की जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments