खूंटी: जिले के मुरहू थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-20 पर मुरहू पेट्रोल पंप के समीप रांची जा रही एक यात्री बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसा सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार, बस सामने से आ रहे एक ऑटो को बचाने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और आगे का हिस्सा ट्रक से टकराने के बाद दब गया।
हादसे के वक्त बस में कई यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए।
हादसे में बस के खलासी के घायल होने की सूचना है। वहीं, बस में सवार अन्य यात्रियों के बाल-बाल बचने की बात सामने आई है। कुछ यात्रियों को मामूली चोटें भी आई हैं। घायल खलासी का अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है।
फिलहाल हादसे में किसी की मौत की सूचना नहीं है। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


