रांची:- झारखंड में JPSC-JSSC भर्ती विवाद को लेकर छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने शुक्रवार को रांची में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि झारखंड की भर्ती व्यवस्था में लंबे समय से सुधार की जरूरत है। 11वीं से 13वीं JPSC परीक्षा, SO और CDPO भर्ती समेत कई मामलों को लेकर उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर की और कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने सरकार से भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने की मांग की। साथ ही कहा कि सिर्फ आश्वासन से छात्रों का भरोसा बहाल नहीं होगा, बल्कि भर्ती व्यवस्था में ठोस और स्थायी सुधार करना होगा।
महतो ने साफ संकेत दिया कि अगर सरकार ने युवाओं की मांगों और भर्ती व्यवस्था में सुधार को लेकर गंभीर कदम नहीं उठाया, तो छात्र आंदोलन को आगे और व्यापक किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि योग्य और निर्दोष अभ्यर्थियों के साथ न्याय होना चाहिए और ऐसी व्यवस्था बननी चाहिए, जिससे गलत तरीके से नौकरी पाने वालों की पहचान कर कार्रवाई हो सके।
अब नजर सरकार के अगले कदम पर है। भर्ती परीक्षाओं को लेकर जारी विवाद के बीच छात्रों की मांगों और सरकार के रुख पर आने वाले दिनों में आंदोलन की दिशा तय होगी।


