रांची। संत जेवियर्स कॉलेज रांची के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग ने आईक्यूएसी के सहयोग से बुधवार को फोटो प्रदर्शनी एवं विभिन्न कार्यक्रमों के साथ विश्व फोटोग्राफी दिवस मनाया।
प्रदर्शनी में ‘मेरी स्वतंत्रता दिवस’ विषय पर 100 से अधिक विद्यार्थियों की तस्वीरें प्रदर्शित की गईं। विद्यार्थियों ने प्राकृतिक दृश्यों, पर्यावरण और देशभक्ति से जुड़े विभिन्न पहलुओं को तस्वीरों के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रदर्शनी में रांची जिले के विभिन्न स्थानों पर हुए ध्वजारोहण से लेकर स्वतंत्रता दिवस की शाम तक आयोजित कार्यक्रमों की तस्वीरें शामिल थीं।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. फादर रोबर्ट प्रदीप कुजूर, एसजे ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर प्राध्यापकों, शिक्षकेत्तर कर्मियों एवं विभिन्न विभागों के बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
प्राचार्य डॉ. फादर रोबर्ट प्रदीप कुजूर ने उभरते पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि एक अच्छी तस्वीर पूरी कहानी को बयां करने के साथ-साथ उसे जीवंत भी करती है। उन्होंने विभिन्न देशों की फोटोग्राफी नीतियों की जानकारी साझा करते हुए विद्यार्थियों से इन्हें अपने पेशेवर क्षेत्र में लागू करने का आह्वान किया।
निर्णायक मंडल ने पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की द्वितीय वर्ष की छात्रा श्रेया नयन की तस्वीर को प्रथम पुरस्कार के लिए चुना। समापन समारोह में कॉलेज के उप-प्राचार्य डॉ. फादर अजय अरुण मिंज, एसजे ने विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मकता और फोटोग्राफी कौशल को प्रोत्साहित करना था। इस अवसर पर पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. संतोष कीड़ो, प्रो. गुरप्रीत सिंह, डॉ. नील कुसुम कुल्लू, आलोक रंजन सहित बड़ी संख्या में उत्साहित छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।


